Showing posts with label कविता. Show all posts
Showing posts with label कविता. Show all posts

Saturday, June 16, 2012

कविता - बरसाती भीगी स्मृतियाँ



While You Read
  - Pause, at every Comma
  - Break at every Line
  - Read full lines
आज बालकनी पर खड़ा,
गर्म पानी की चुस्की लेता हुआ,
देखता हूँ,
बरसात हो रही है।
कुछ देर से आई इस बार,
पर चलो आई तो सही।
तो सोचा,
क्यों ना कुछ देर यहीं रुकूँ,
और शीतलता भरूँ,
अपने गर्मी से तप्त और विचलित मन में।
धुआँ और प्रदूषित हवा तो रोज़ ही भोगता हूँ,
आज प्रकृति की स्वछता का आनंद भी ले लूँ।।

यूँ ही खड़ा आँखें दौड़ाता हूँ,
तो देखता हूँ, इस बारिश में,
मुख्य मार्ग पर जाती गाड़ियों का चलना।
लोगों का रुक रुक कर यहाँ वहाँ दुबकना।
कुछ लोगों का कूद कूद, बहते सड़क के पानी से बचना।
कुछ लोगों का छाता नचाना और छाते को बताना,
की कौन सा अंग भीगे और कौन सा है उसे बचाना।
कुछ का बार बार उम्मीद से आकाश ताकना।
कुछ लोगों का उकता कर, बस बारिश में ही निकल पड़ना।

मैं खुश हूँ, कि घर पर हूँ,
रास्ते में होता,
तो इन्हीं में से कोई पात्र जीना पड़ता।
मैं कहूंगा कि आज का दिन अच्छा है,
क्यूँकि आज तो मैं हर पात्र का दर्शक हूँ

--- भाग-१ समाप्त --- 


फिर ध्यान गया कि -
अरे! ये कैसी आनंदित स्वर गूँज रहे हैं?
तब देखता हूँ,
हमारी सड़क पर मजदूरों के बच्चे खेलते हैं।
रिमझिम गिरते पानी में किलकारियाँ भर रहे हैं।
नंगे बदन, चड्ढी पहने,
इस प्रकृति प्रदित शीतलता को गृहण कर रहे हैं।
इस बारिश में
झूमते खिलखिलाते खुद तो वो मगन हैं ही,
पर कुछ दूरी से ताकते,
अपने अस्थाई घरों से बीच बीच में झाँकते,
उनके परिजन भी हर्षित हो रहे हैं।

इस दर्शय से
मेरा मन अनायास ही चौकड़ी भरने लगा।
बड़े वेग से लड़प्पन की स्मृतियों में लौटने लगा।
बचपन की वो अटखेलियों को ख़ोज खोज,
फिर उनको कल्पनाओं में जीने लगा है।
बारिश में वो छत पर धमा चौकड़ी करना,
दीदियों पे ला ला के पानी छिड़कना,
औ फिर-
पीछा करवाते हुये उन्हें बारिश में ले आना।
छींकते हुये फिर पोछना तौलिये से,
गर्म दूध पीना,
और साथ में माँ की डांटा खाना।

क्या सुखद पल थे वो,
ऐसे स्मरणों से खड़े खड़े मग्न हो गया मैं।
बचपन की भीगी स्मृतियों में,
गहरे गोता लगाने लगा मैं।
गीली स्मृतियों की सोच भर से,
उष्मा से भर गया मैं।


--- भाग-२ समाप्त ---


वो अपने मोहल्ले के दोस्तों के साथ,
कागज़ की नाव बनाना।
फिर उनको नाली के पानी में दौड़ लगवाना।
और फिर देखना उस नाव को,
पानी के वेग में डोलना,
बहाव से जूझना,
कागज़ का पानी सोकना।
संपर्क जो पानी का नाव के तल से था,
उसका ऊपर बढ़ना,
पहले नाव को डुबोना,
औ फिर उसे कूड़े की तरह बहा ले जाना।।

उस तेज़ नाली के बहाव में हम अक्सर ये सोचते थे ,
की बरसात में नदी का पानी कितनी तेज़ बहता होगा?
और फिर ये बोल कर की
"समुद्र बहुत बड़ा होता है तो उसका पानी नदी से भी तेज़ बहता है"
दोस्तों में अपने आपको काबिल सिद्ध कर देना।

सड़क के खड्डों में कूद कूद कर,
चलने वालों को परेशान करना।
कोई पीटने आये,
तो गलियों में भागना और गायब हो जाना।
किसी पानी के भराव पर जा खड़े होना,
और तेज़ निकली गाड़ी से जब उछालता पानी,
तो उससे बचना,
और बचते-बचते उसी में भीग जाना।
यदि किसी बड़े ने देखा,
तो उस गाडी वाले पर झूठमूठ का गुस्सा दिखाना-
"कि धीरे नहीं चला सकते है क्या?"
पर मन ही मन अपनी उपलब्धी पर खुश होना।

क्या दिन थे वो भी,
मौज के, मस्ती के,
ढलती शाम तक घर के अन्दर आ जाना
साफ़ होना, खाना पीना,
और बहार टिपटिपाते पानी को देख देख खुश होते रहना,
और फिर इतने उधम से थक कर जल्दी सोने जाना।
और सोते सोते यही मनाना, की
"हे इन्द्र देव ऐसे ही बरसते रहो रात भर
कल स्कूल की छुट्टी करवा के ही दम लेना"।


--- भाग-३ समाप्त ---


एकाएक मोटर साइकिलें निकलने लगीं,
हमारी सड़क से।
और मेरा ख्यालों का क्रम टूट गया।
देखा बारिश रुक गई है।
थामी थी जो ट्रैफ़िक फिर उमड़ पड़ी  है।
मुख्य मार्ग जाम हो गया है,
तो हमारी सड़क अब लोगों का ट्रैफ़िक से बचने का सहारा बन गई है।
स्पष्ट है बच्चे सुरक्षा की दृष्टी से अपने घर लौट गए हैं।

और यहाँ हमारा गर्म पानी तो कबका ख़त्म हो गया है।
अब इस शोर से तो,
 स्मृतियों की उष्मा भी जाती रही है।
प्राकृतिक शीतलता लेते लेते, अब ठण्ड लगने लगी है
हमें लगता है,
 अब घर के अन्दर जाने में ही बेहतरी है।


--- समाप्त ---

कवि-
विवेक विक्रम

Thursday, January 19, 2012

कविता - आदमी की तलाश!!

While You Read
  - Pause, at every Comma
  - Break at every Line
  - Read full lines
कुछ बनने की चाह में,
अपनी पहचान की तलाश में,
निकलता है छोड़ के आदमी,
अपना घर|

परिजनों से दूर,
नाते रिश्तों से दूर,
निकला है वो एक तलाश में|
तलाश उस ज़मीन की, जहाँ रखेगा वो नींव, 
अपने घर की|
तलाश उस द्रव्य की, प्राप्त होंगे जिनसे संसाधन,
जीवन सुगमता से जीने के|
तलाश उस सामाजिक अभिज्ञान की, बोध कराये जो, 
संसार में उसके अस्तित्व का|

प्रण है ये उसका,
कि एक दिन,
जियेगा वो,
रसोस्वाद न किया जिन सुखद क्षणों का,
स्वयं को वापस करेगा वो|
अछूते होते रहे जो रिश्ते,
जो बंधन,
उनमें प्रेम की अग्नि उद्वेलित करेगा वो|
उस दिन,
जब करके पूरे सपने, सफल होगा वो।
हर नाते को उपेक्षित करने के आक्षेप का,
पश्चाताप करेगा वो|
विजय और समृधि के शिखर पर हो कर खड़ा,
बस जी रहे से उन अपनों को लगाएगा गले वो|
तब उसके दर्श को तरसते मात पिता को,
जीवन के हर आनंद से अभिभूत करेगा वो||


---भाग-१ समाप्त---


लालसा है कितनी,
कि हो जाये सब अविलम्ब,
कुछ क्षणों, दिनों या महीनों में।
औ फिर वो जी ले अपने प्रण को|
औ फिर सिखाये,
अपने उन पिछड़े से गए लोगों को ,
कौशल,
जीवन को जीने का|
जो उसने त्याग से पाया है।
त्याग,
उन बेमानों से बन्धनों और संस्कारों का,
जिनमें वो उलझे पड़े हैं, सब|
त्याग,
कुछ ना देने वाली राष्ट्रीयता का,
जिसको न जाने क्यों ढो रहे हैं ये सब,
बेमतलब|

पर न जाने क्यों,
ये हो नहीं पाता है।
जो वो चाहता है करना शीघ्रता से,
तो क्षण का दिन,
दिन का महीना,
और महीना सालों में क्यों परिवर्तित हुआ जाता है?
दो पाटों में बंटा है, शायद वो,
सफलता को पाने का संकल्प तो है, पर खुशी के पलों को जीने की चाहत भी है|
औ विलंब का कारण शायद - यही है|

है दृढ़ निश्चयी वो, हार न वो यूँ मानेगा,
कर अर्जुन सा एकल दिमाग, चिड़िया की आँख को भेदेगा|
तोड़ दी हर एक डोर, जो पीछे खींच के उसको लाती थी,
अवरुद्ध की हर वो राह, जो उसके ध्येय की ओर न जाती थी|
रखता था वैश्विक दृष्टीकोण, हर सीमा को लांघ निकलता था|
अथक परिश्रम करता, हर सुख को प्रतिवादित करता था|

पर बढाती थी अर्थव्यवस्था, सो सपने भी अभियुत्तिथ होते थे,
मानो नदी के छोर थे दोनों, ना आपस में वो मिलते थे!
कितने ही वर्ष बीत गए,
इस दौड़ का अंत न दिखता था।
विश्लेषण अब कौन करे, हर क्षण वो उलझा रहता था|

ना परिवार का बोध था, 
ना था प्रिया का, ना संतानों का,
था तो बस संकल्प,
अपने लक्ष्य को शीघ्रता से पाने का|
संकल्प बनी कब हठ,
अब उससे ये कौन कहे,
एकल दिमाग के अर्जुन को, अन्य आयाम अब कहाँ दिखें।


---भाग-२ समाप्त---

पर बड़ा क्रूर है समय, लौट कर,
एक दिन वो भी आता है,
जो मढ़ा सदा अन्य पर, स्वयं का,
एकमात्र विकल्प बन जाता है।
ह्रदय विखंडित हुआ था, उस दिन,
उसके भ्रमावरण का चीर हुआ,
संतति छोड़ चली, राह पर उसकी,
तब उसका चित्त अधीर हुआ|

भारी मन,
डूबा गया अतीत में,
अब निर्णयों पे अपने, खीज रहा था।
हर जीवन का क्षण खोया था उसने,
समृधि पर अपनी, भीतर उसके,
कुछ टीस रहा था।
व्याकुलता में लौट आया घर,
अनमना सा उसको देखता था,
निर्जीव ईंट, पत्थर का ये ढाँचा भी क्या,
मुँह उससे फेर रहा था?

बहुत समय बीत चुका था,
उत्तरार्ध के मध्य में खड़ा है वो।
प्रेम कटोरा भरे भावों का,
संश्रय अंकुर की इच्छा में,
अनदेखे शुष्क नातों में,
स्वीकृति अपनी तलाशता है।
जीर्ण माता पिता की स्मृति में, उपस्तिथी को अपनी बचा रहा है।


पहचान तलाशता गया था बरसों पहले|
उत्साहित, छोड़ के,
इन रिश्ते, घर, अपनों को।
लौटा है समृधि, पर भ्रमित, म्लान प्राणी सा,
है तलाशता अपनों के कुटुंब में
स्वयं को।।

 ---समाप्त---

कवि-
विवेक विक्रम